Azamgarh/Mau news:प्रेमिका के शादी से इनकार पर युवक हाई वोल्टेज खंभे पर चढ़ा,डेढ़ घंटे चला ड्रामा

Azamgarh/Mau News: After his girlfriend refused to marry him, the young man climbed a high-voltage pole; the drama lasted for an hour and a half.

मऊ/आजमगढ़। जहानागंज क्षेत्र के परासी गांव निवासी एक युवक प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार किए जाने पर हाई वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमिका के समझाने पर युवक नीचे उतर आया।

घटना मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार परासी गांव निवासी राहुल का एक युवती से करीब ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को राहुल अपने ननिहाल मुहम्मदाबाद गोहना के दतौली गांव गया था। वहां से वह सीधे दसबारी गांव पहुंच गया और प्रेमिका को फोन कर बातचीत की। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

बताया जाता है कि इसी से नाराज होकर राहुल पास में लगे हाई वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक को खंभे पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस और ग्रामीण युवक को लगातार नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह प्रेमिका से मिलने की जिद पर अड़ा रहा। काफी प्रयास के बाद भी जब युवक नीचे नहीं उतरा तो पुलिस ने युवती को मौके पर बुलाया।

प्रेमिका के समझाने और नीचे उतरने की बात कहने पर युवक खंभे से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक और युवती के परिजनों को बुलाकर मामले में बातचीत की जा रही है। दोनों पक्षों से जानकारी लेने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button