Azamgarh News: बिलरियागंज में एलपीजी सिलेंडर को लेकर मची अफरा-तफरी, गैस एजेंसी पर सुबह से लगी लंबी कतारें

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
बिलरियागंज में एलपीजी सिलेंडर को लेकर मची अफरा-तफरी, गैस एजेंसी पर सुबह से लगी लंबी कतारें
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज कस्बा स्थित रामसमुझ गैस एजेंसी पर इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सिलेंडर के दाम बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुस्लिम देशों के बीच चल रहे तनाव व अफवाहों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत की चर्चा फैल गई है। इसके चलते उपभोक्ताओं में घबराहट का माहौल बन गया है और लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।
बुधवार को बिलरियागंज स्थित रामसमुझ इंडियन गैस एजेंसी पर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी लाइन लग गई और घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पाया। एजेंसी पर काम कर रहे कर्मचारी तीर्थ कुमार ने बताया कि एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध है, लेकिन सीमित मात्रा में आ रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर दिया जा रहा है, जिनके मोबाइल पर ऑनलाइन बुकिंग के बाद ओटीपी प्राप्त हो रहा है। ओटीपी दिखाने के बाद ही सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं के सुविधा के लिए कई काउंटर भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों गैस की सप्लाई कम मात्रा में आ रही है, जबकि रमजान माह और कुछ अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं की संख्या अचानक बढ़ गई है। यही वजह है कि एजेंसी पर भीड़ का दबाव बढ़ गया है।
वहीं, लाइन में लगे उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी आसानी से हो जाती थी और बाजारों में छोटे-छोटे डिस्ट्रीब्यूटरों तथा गैस गोदामों पर भी सिलेंडर मिल जाता था। लेकिन अब स्थिति बदल गई है। बाजार में कहीं भी आसानी से गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिसके कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जनपद के अधिकांश बाजारों में चाय, मिठाई और अन्य दुकानों पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर का ही इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि इन दुकानों को व्यावसायिक सिलेंडर का उपयोग करना चाहिए। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस पर कोई सख्त जांच या कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत झेलनी पड़ रही है।
लाइन में लगे लोगों का कहना था कि तीन से चार-चार घंटे तक इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर मिलना तय नहीं है। ऊपर से रमजान का महीना चल रहा है, ऐसे में रोजमर्रा के कामों के लिए गैस की जरूरत अधिक होती है। लेकिन गैस के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है, ऑनलाइन करने पर बहुत लोगों के कनेक्शन में ओटीपी भी नहीं आ रही है ऐसे में लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए और घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।



