Azamgarh News: दूल्हे की कटी उंगलियां देख भड़का विवाद, पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात, बिना शादी लौट गई बारात

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

दूल्हे की कटी उंगलियां देख भड़का विवाद, पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात, बिना शादी लौट गई बारात

आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के बघावर गांव में बुधवार को एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दूल्हे के हाथ की कटी हुई उंगलियों की जानकारी लड़की पक्ष को हुई। इसके बाद वधू पक्ष ने विवाह से साफ इनकार कर दिया। देर रात तक पंचायत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन बात नहीं बनी और अंततः बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।
बताया जा रहा है कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी युवक की शादी बघावर गांव की एक युवती से तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बुधवार 11 मार्च को गाजे-बाजे के साथ बारात बीबीपुर से बघावर पहुंची। यहां द्वारपूजा की रस्म भी विधि-विधान के साथ पूरी कर ली गई थी और विवाह की आगे की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच किसी की नजर दूल्हे के हाथ की कटी हुई उंगलियों पर पड़ गई। देखते ही देखते यह बात पूरे समारोह में फैल गई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। लड़की पक्ष का आरोप था कि दूल्हे की शारीरिक स्थिति की जानकारी पहले नहीं दी गई थी और यह तथ्य उनसे छिपाया गया।
विवाद बढ़ने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर रौनापार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। देर रात तक पंचायत चली, लेकिन वधू पक्ष अपने निर्णय पर कायम रहा और शादी करने से इंकार कर दिया। आखिरकार दोनों पक्षों के बीच आपसी लेन-देन का हिसाब निपटाया गया, जिसके बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। इस अनोखी घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button