AZAMGARH News:दो दिवसीय अंतराष्ट्रीय सम्मेलन का हुआ शुभारम्भ
AZAMGARH News:The two-day international conference has started

सत्येन्द्र सिंह लालगंज आजमगढ़
लालगंज (आजमगढ )राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़ में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “एंटरप्रेन्योरशिप, सस्टेनेबिलिटी एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजिज फॉर इकोनॉमिक डेवलपमेंट (ICESETED’26)” का शुभारंभ आज अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन का आयोजन संस्थान के उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ (EDC) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविद्, शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ एवं छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं।अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो अमित पात्रा ने किया।अपने उद्बोधन में उन्होंने नवाचार, उद्यमिता एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के माध्यम से सतत आर्थिक विकास की आवश्यकता पर बल दिया तथा युवाओं को स्टार्टअप एवं शोध आधारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्रो अमित पात्रा ने अपने उद्बोधन का समापन एक अत्यंत ही भावपूर्ण देशभक्ति गीत के माध्यम से देश और मातृभूमि की सेवा हेतु प्रेरित कर किया।इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो सतीश देवधर (डीन, फैकल्टी, आईआईएम अहमदाबाद) ने अपने कीनोट व्याख्यान में वैश्विक अर्थव्यवस्था, उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्रासंगिकता पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवाचार आधारित उद्यमिता ही भारत को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो बी के त्रिपाठी ने किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मंच शोध, नवाचार और उद्योग-शिक्षा सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संस्थान के अभी हाल ही में प्रदेश की रैंकिंग में नंबर एक आरईसी बनने की यात्रा को भी साझा किया।उद्घाटन सत्र का सफल संचालन कांफ्रेंस समन्वयक एवं संस्थान के कुलसचिव डॉ अम्बरीष सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने सम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य एवं विभिन्न तकनीकी सत्रों की जानकारी प्रस्तुत की तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। डॉ अम्बरीष सिंह ने बताया कि इस दो दिनों कॉन्फ्रेंस में 9 तकनीकी सत्रों में विभिन्न विषयों पर लगभग 75 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा देश विदेश के विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। डॉ सिंह ने साथ ही ईडीसी के द्वारा विगत तीन वर्षों में कराए गए एक सप्ताह की उद्यमिता विकास कार्यशाला और कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।अंत में आयोजन सचिव डॉ कौशल कुमार शुक्ल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।



