Azamgarh news :व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में जाम, अवैध पार्किंग, जल भराव जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर
व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में जाम, अवैध पार्किंग, जल भराव जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के अनुपालन में व्यापारी सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ (थाना एएचटी) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी नगर/सहायक नोडल अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
बैठक में जनपद के व्यापारी बंधुओं, पेट्रोल पम्प संचालकों, बैंक मित्रों एवं माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान व्यापारियों द्वारा शहर में जाम की समस्या, अवैध पार्किंग, हाफिजपुर चौराहे पर जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका, बड़े वाहनों की अनियंत्रित एंट्री तथा बाजार क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्रा (थाना एएचटी), यातायात पुलिस के अधिकारी, नगर पालिका आजमगढ़ के प्रतिनिधि, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी बंधु, पेट्रोल पम्प मालिक एवं सर्राफा व्यापारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया कि व्यापारियों की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।



