AZAMGARH News:राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मिश्रा ने घायल पत्रकार आफताब आलम का जाना हाल, दी हिम्मत और हौसला
अजय मिश्रा बोले:आफताब आलम जैसे जुझारू पत्रकार विरले होते हैं

राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने जताई एकजुटता, आफताब आलम के जल्द स्वस्थ होने की कामना
आजमगढ़। जनपद के मखदूमपुर गांव में उस समय भावुक और सम्मानपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब आइडियल पत्रकार संगठन का राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार श्री आफताब आलम का हालचाल जानने उनके आवास पहुँचा। पिछले महीने 13 तारीख को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद से उनका उपचार जारी है।राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पहुँचे प्रतिनिधिमंडल ने श्री आफताब आलम और उनके पुत्र अजमत शेख के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्री आफताब आलम न केवल संगठन के एक मजबूत स्तंभ हैं, बल्कि देशभर के पत्रकारों के स्वाभिमान,अधिकार और सम्मान की लड़ाई के अग्रणी योद्धा भी हैं।
श्री अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि “आफताब आलम जैसे कर्मठ, ईमानदार और जुझारू पत्रकार विरले ही होते हैं।उन्होंने हमेशा पत्रकारों की आवाज को बुलंद किया है और समाज के गरीब,मजलूम और वंचित वर्ग के हक के लिए निरंतर संघर्ष किया है। उनका योगदान न केवल पत्रकारिता के क्षेत्र में, बल्कि सामाजिक जागरूकता के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।”उन्होंने आगे कहा कि श्री आफताब आलम, राष्ट्रीय न्यूज सर्विस (RNS) के आजमगढ़ ब्यूरो चीफ और हिंद एकता टाइम्स के संपादक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करते रहे हैं। उनके लेखन और कार्यशैली ने पत्रकारिता को नई दिशा देने का काम किया है।राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा और सभी के आशीर्वाद से श्री आफताब आलम शीघ्र ही पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः समाज और पत्रकारों के हित की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि “हमें पूरा विश्वास है कि वह पहले से अधिक ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ पत्रकारों के स्वाभिमान की रक्षा के लिए खड़े होंगे।इस अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी श्री आफताब आलम के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और उनके योगदान को प्रेरणास्रोत बताया।
प्रतिनिधिमंडल की इस संवेदनशील पहल ने न केवल संगठन की एकजुटता को प्रदर्शित किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मजबूत परिवार और संघर्ष की साझा भावना है।पत्रकारों का स्वाभिमान ही लोकतंत्र की सशक्त आवाज है,और ऐसे योद्धाओं के साहस से ही यह आवाज हमेशा बुलंद रहती है।इस अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा के अतिरिक्त केन्द्रीय संयुक्त सचिव श्रीमती जमुना चव्हाण, जिला अध्यक्ष आजमगढ़ दुर्गेश मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता राहुल पांडे, एवं उनके साथ मास्टर साहब भी उपस्थित रहे।



