आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, गोवध मामले का वांछित आरोपी घायल गिरफ्तार
Police encounter in Azamgarh, wanted accused in cow slaughter case injured and arrested

आजमगढ़, 28 मार्च 2026। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवध से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को ग्राम इमलीपुर में एक प्रतिबंधित पशु की मुंडी और खाल मिलने की सूचना पर मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान चार आरोपियों सलमान, तबरेज, सरफराज और मेराज के नाम सामने आए थे, जिनकी तलाश की जा रही थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 27/28 मार्च की रात बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी तबरेज जलालुद्दीन पट्टी मार्ग से छिछोरी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की।पुलिस ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रखने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से गोवध की घटनाओं को अंजाम देता था। 16/17 मार्च की रात इमलीपुर के खेत में एक प्रतिबंधित पशु का वध कर उसकी पहचान छिपाने के लिए मुंडी और खाल वहीं छोड़ दी गई थी। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए थे।इस संबंध में गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।



