मतदाता सूची में गड़बड़ी:आजमगढ़ में डबल एंट्री का खेल पकड़ा गया,प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों पर चुनावी लाभ के लिए नाम जोड़ने का आरोप,जांच में खुल रही परतें

आजमगढ़ जनपद के विकासखंड मिर्जापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनापारा में मतदाता सूची को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। दो अलग-अलग स्थानों पर एक ही व्यक्ति का नाम दर्ज पाए जाने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ लोगों के नाम महाराष्ट्र के पुणे नगर निकाय की मतदाता सूची में भी दर्ज हैं, जबकि वही नाम आजमगढ़ के नगर पंचायत सरायमीर में भी मौजूद पाए गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत बिनापारा की मतदाता सूची से लगभग 100 नाम हटा दिए हैं। वहीं, अभी भी करीब 20 से अधिक नामों की जांच जारी है।उपजिलाधिकारी निजामाबाद को संदिग्ध मतदाताओं की सूची सौंप दी गई है, और जिला प्रशासन द्वारा गहन सत्यापन कराया जा रहा है।सूत्रों के अनुसार, यह भी आरोप है कि ग्राम प्रधान ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए थे। बताया जा रहा है कि आजमगढ़ जनपद के नगर पंचायत सरायमीर और महाराष्ट्र के पुणे से जुड़े लगभग 125 से अधिक नाम 2015 में सूची में जोड़े गए थे, जिनके आधार पर चुनावी लाभ लेने की कोशिश की गई।जैसे ही अधिकारियों को इस अनियमितता की जानकारी मिली, तत्काल जांच शुरू कर दी गई। अब तक 100 नामों को सूची से हटाया जा चुका है, जबकि शेष नामों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद गांव में चर्चा का माहौल गर्म है और स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।



