आजमगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर तस्कर, संगठित गिरोह का भंडाफोड़
Major police action in Azamgarh: Vicious smuggler injured in encounter, organized gang busted

आजमगढ़ जनपद के थाना गंभीरपुर क्षेत्र में पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए गोवध एवं मांस तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।घटना की शुरुआत 28 मार्च 2026 को उस समय हुई जब उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ खुर्रमपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कमरावा निवासी रईश अहमद के घर पर प्रतिबंधित पशु का मांस रखा गया है और उसकी बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और मौके से सरफराज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन बोरियों में लगभग 65 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया, जबकि उसके साथी रईश अहमद और शादाब अहमद मौके से फरार हो गए।इस बरामदगी के आधार पर थाना गंभीरपुर में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।पुलिस की सतत कार्रवाई के क्रम में बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त शादाब अहमद बुलेट मोटरसाइकिल से आजमगढ़ की ओर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धरनीपुर-विषया मोड़ के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बुलेट सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा और अनियंत्रित होकर गिर गया।खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शादाब अहमद के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर भेजा गया।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई सरफराज और रईश अहमद के साथ मिलकर संगठित रूप से गोवंश वध और मांस तस्करी का अवैध कारोबार करता था। इसके लिए वे स्कॉर्पियो वाहन और बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह की सक्रियता की सराहना
थाना गंभीरपुर के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह द्वारा कार्यभार संभालने के बाद से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई देखने को मिल रही है। इस मुठभेड़ और गिरोह के खुलासे ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। अपराधियों में पुलिस का भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने की दिशा में यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



