AZAMGARH News:चमत्कारों एवं जादू के पीछे छुपा है विज्ञान का रहस्य
A scientific awareness program against superstitions was organized at Atal Residential School Gambhirvan.

आजमगढ़ 31 मार्च 2026/विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उ0 प्र0 (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश शासन) के तत्वावधान में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला विज्ञान क्लब के मार्गदर्शन में जिला विज्ञान क्लब आजमगढ़ द्वारा अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन में अंधविश्वासों के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने बच्चों एवं उपस्थित लोगों को अंधविश्वासों एवं कथित चमत्कारों के प्रति सचेत रहने को कहा। मेरठ की विज्ञान संचारक एवं विशेषज्ञ अंजली ढाका ने बताया कि समाज में दिखाई देने वाले चमत्कार व जादू विज्ञान पर आधारित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के अंदर वैज्ञानिक सोच होनी चाहिए एवं किसी भी चीज को जांचना परखना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने विभिन्न चमत्कारों को प्रदर्शित करते हुये उनके पीछे छिपे विज्ञान के सिद्धांत को बताया। रस्सी काटकर पुनः जोड़ना, जग से पानी गायब कर देना, हवा में हाथ हिलाकर वस्तुयें प्राप्त करना, खौलते तेल में उंगली डालना, अग्नि स्नान करना, जीभ पर दिया जलाना, खाली डिब्बे से माला निकालना, सर पर आग जलाकर चाय बनाना, शरीर पर भारी वजन रखना, छन्नी से पानी का न गिरना, चावल में शनि पकड़ना, जीभ में त्रिशूल आर-पार करना आदि चमत्कारों का प्रदर्शन करके उसके वैज्ञानिक कारण को भी प्रतिभागियों को बताया। विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक ई0 कुलभूषण सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य को बताते हुये कहा कि समाज में तथाकथित लोग हमें मूर्ख बनाकर ठगते रहते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से जनसामान्य को झाड़ फूंक, टोना टोटका एवं अंधविश्वासों से मुक्ति दिलाने का प्रयास है। उन्होने कहा कि विज्ञान सत्य पर आधारित है, अंधविश्वासों एवं समाजिक कुरितियों को दूर करने के लिए हमारे अंदर वैज्ञानिक सोच उत्पन्न होना चाहिये। हमें अंधविश्वासों पर विश्वास नहीं करना चाहिए, क्योंकि अंधविश्वास के पीछे विज्ञान निहित होता है। हमें वैज्ञानिक तरीके से जीवन यापन करना चाहिये। कार्यक्रम में अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से निश्चित ही विद्यार्थी अंधविश्वास के प्रति जागरूक होंगे और उनके अंदर वैज्ञानिक सोच उत्पन्न होगी। उन्होंने ऐसे आयोजन के लिए विज्ञान क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों के द्वारा ग्रामीण बच्चों को अपने वैज्ञानिक जिज्ञासा उजागर करने के लिए मंच प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर बच्चों के मध्य आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अवंकिता यादव कक्षा 9 गंगा हाउस, द्वितीय पुरस्कार अंकिता कक्षा 6 यमुना हाउस, तृतीय पुरस्कार अंजली चौहान कक्षा 8 यमुना हाउस तथा दो सांत्वना पुरस्कार क्रमशः स्नेह चौहान कक्षा 9 यमुना हाउस व परी गुप्ता कक्षा 9 गोमती हाउस को मोमेंटो तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी ओम प्रकाश सिंह यादव, विद्यालय के शिक्षक श्रीमती रेखा शर्मा, श्रीमती ज्योत्सना, फातिमा उसता, प्रिया यादव, अनंत मौर्य, एसके सिंह, आर्यन गुप्ता, सूर्य प्रकाश पांडे, नीरज मिश्रा तथा कपिल शर्मा सहित विद्यालय के लगभग 500 विद्यार्थी उपस्थित रहे।



