Azamgarh news :मेटा के अलर्ट पर 08 मिनट में पहुंचकर पुलिस ने 19 वर्षीय युवती की बचायी जान

मेटा के अलर्ट पर 08 मिनट में पहुंचकर पुलिस ने 19 वर्षीय युवती की बचायी जान

मेटा सुसाइडल अलर्ट व्यवस्था के अंतर्गत अब तक 2427 व्यक्तियों के जीवन की हो चुकी है रक्षा
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनपद आज़मगढ़ के थाना सिधारी क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती द्वारा पारिवारिक विवाद के कारण उत्पन्न मानसिक तनाव के चलते इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें उसने अत्यधिक मात्रा में दवाइयाँ खा ली थीं। उक्त पोस्ट के संबंध में दिनांक 03.04.2026 को रात्रि 10:18 बजे मेटा कम्पनी की ओर से सोशल मीडिया सेन्टर को ई-मेल के माध्यम से अलर्ट प्राप्त हुआ।
उक्त अलर्ट का तत्काल संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवती की लोकेशन ट्रेस कर जनपद आज़मगढ़ पुलिस को सूचित किया गया। सूचना प्राप्त होते ही थाना सिधारी पुलिस टीम द्वारा मात्र 08 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर बेहोश हो चुकी युवती को परिजनों के सहयोग से तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
स्वास्थ्य लाभ के उपरांत युवती ने बताया कि पारिवारिक विवाद एवं अकेलेपन की भावना के कारण वह मानसिक रूप से अत्यधिक आहत हो गई थी, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस टीम द्वारा युवती की काउंसलिंग भी की गई, जिस पर उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया।
युवती के परिजनों द्वारा समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि—
“सोशल मीडिया पर प्राप्त ऐसे संवेदनशील अलर्ट पर आज़मगढ़ पुलिस पूर्ण तत्परता के साथ तत्काल कार्रवाई करती है। समयबद्ध रिस्पॉन्स के कारण एक 19 वर्षीय युवती का जीवन सुरक्षित किया जा सका, जो पुलिस की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता दोनों का उदाहरण है। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी की स्थिति में अपने परिजनों एवं पुलिस से संपर्क करें, पुलिस हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर है।”
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस एवं मेटा कम्पनी के मध्य वर्ष 2022 से प्रचलित व्यवस्था के अंतर्गत फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट के संबंध में मेटा कम्पनी द्वारा पुलिस को अलर्ट भेजा जाता है।
दिनांक 01.01.2023 से 31.03.2026 तक प्राप्त अलर्ट के आधार पर कुल 2427 व्यक्तियों के जीवन की रक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा चुकी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस को मेटा सुसाइडल अलर्ट की इस महत्वपूर्ण पहल के लिए SKOCH Award-2025 एवं The Economic Times GovTech Awards-2026 से सम्मानित भी किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button