आजमगढ़ में रहस्यमय हालात में बुजुर्ग की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Elderly man dies under mysterious circumstances in Azamgarh, police investigating

आजमगढ़:फूलपुर थाना क्षेत्र के शहजेरपुर गांव निवासी अच्छेलाल राजभर (60) का शव मंगलवार सुबह गांव के पक्के पोखरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वह सोमवार शाम घर से शहजेरपुर पुरवा चौराहे के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला।मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पोखरे के पास उनकी चप्पल और चुनौटी देखी, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने पोखरे में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद पोखरे के पूर्वी हिस्से से उनका शव बरामद किया गया।शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।बताया गया कि मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पांच बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से तीन बेटों की शादी अभी बाकी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।



