आजमगढ़ पुलिस ने रचा कीर्तिमान, जन शिकायत निस्तारण में प्रदेश में अव्वल
Azamgarh police created a record, topped the state in resolving public complaints.

आजमगढ़। जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की शासन स्तर पर की जाने वाली मासिक समीक्षा में मार्च माह की रैंकिंग में आजमगढ़ जनपद को पहला स्थान प्राप्त हुआ है।शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण के साथ-साथ फरियादियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर यह रैंकिंग तय की जाती है। आजमगढ़ पुलिस ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया।इस उपलब्धि की खास बात यह है कि जनपद के सभी 24 थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर बेहतरीन कार्य करते हुए रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इससे स्पष्ट है कि जिले के हर स्तर पर शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को गंभीरता और दक्षता के साथ लागू किया गया।पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। उनके नेतृत्व में शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया गया, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और संतुष्टि की भावना मजबूत हुई है।इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उच्च अधिकारियों ने आजमगढ़ पुलिस की सराहना की है। पुलिस विभाग की इस सफलता को जनसेवा और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


