Azamgarh News: डीएम के निर्देश पर अवैध मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध जनपद में संयुक्त छापेमारी अभियान*

*डीएम के निर्देश पर अवैध मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध जनपद में संयुक्त छापेमारी अभियान*

*डीएम द्वारा गठित संयुक्त टीम ने अवैध मेडिकल स्टोरों को किया सीज, मिले एक्सपायर व प्रतिबंधित दवाओं को किया जप्त*

*बिना लाइसेंस दवा विक्रय दंडनीय अपराध, डीएम ने सभी तहसीलों में अभियान जारी रखने के दिए निर्देश*

आज़मगढ़ 08 अप्रैल 2026

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर जनपद में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गठित कर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आज तहसील बुढ़नपुर, मेहनगर तथा सदर (जहानागंज) क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण करते हुए अवैध मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर मेडिकल स्टोर संचालक टीम को देखकर दुकानें खुली छोड़कर मौके से फरार हो गए। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर बिना लाइसेंस दवाओं का विक्रय, एक्सपायर तथा प्रतिबंधित दवाएं पाई गईं, जिन्हें तत्काल जब्त करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोरों को सीज कर दिया गया।

बुढ़नपुर, मेहनगर व जहानागंज में एक्सपायर व प्रतिबंधित दवाएं बरामद, मेडिकल स्टोर सीज

तहसील बुढ़नपुर में एसडीएम, सीओ तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा 100 बेड हॉस्पिटल अतरौलिया के बाउंड्री से लगी तीन मेडिकल गुमटियों का निरीक्षण किया गया। टीम को देखते ही विक्रेतागण शटर खुला छोड़कर भाग गए। गुमटियों में पाई गई दवाओं को एक कार्टन में भरकर सील पैक किया गया तथा अग्रिम कार्रवाई हेतु ड्रग इंस्पेक्टर को सुपुर्द किया गया। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मिठुली यादव, अश्विनी गौड़ तथा राम लौट यादव (थाना अतरौलिया) द्वारा अवैध रूप से दवाओं का विक्रय किया जा रहा था।

तहसील मेहनगर में एसडीएम, सीओ एवं उप मुख्य चिकित्साधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनगर के आसपास स्थित मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। अंकित मेडिकल स्टोर (प्रोपराइटर अमृत लाल यादव) पर एक्सपायर व प्रतिबंधित दवाएं पाई गईं तथा उनका कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया, जिस पर मेडिकल स्टोर को सीज कर दवाएं जब्त कर ली गईं।.नंदिनी मेडिकल हॉल में भी एक्सपायर दवा मिलने पर कार्रवाई हेतु ड्रग्स विभाग को सूचित किया गया। आयुष मेडिकल स्टोर (गोला बाजार मेहनगर) में बड़ी मात्रा में एक्सपायर दवाएं मिलने पर मेडिकल स्टोर को सीज कर दवाओं को जब्त कर लिया गया।

तहसील सदर (जहानागंज) में एसडीएम, सीओ एवं औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहानागंज के आसपास मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संचालक मौके से फरार हो गए। दुकान से लगभग 8234 रुपये मूल्य की 20 प्रकार की दवाएं बरामद हुईं, जिनका कोई दस्तावेज उपलब्ध न होने पर उन्हें जब्त कर लिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त गुमटी में संजय यादव द्वारा मेडिकल स्टोर संचालित किया जाता है।

बिना लाइसेंस दवा विक्रय दंडनीय अपराध, डीएम ने सभी तहसीलों में अभियान जारी रखने के दिए निर्देश

संयुक्त टीम द्वारा तीनों तहसीलों में निरीक्षण के दौरान उपस्थित व्यक्तियों से दवा विक्रय व भंडारण संबंधी लाइसेंस मांगा गया, किंतु कोई भी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। एलोपैथिक दवाओं का बिना लाइसेंस विक्रय, भंडारण अथवा प्रदर्शन औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 18 (सी) का उल्लंघन है, जो धारा 23 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया है कि जनपद के सभी तहसीलों में लगातार अभियान चलाकर अवैध मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मेडिकल स्टोरों पर एलोपैथिक दवाओं के विक्रय से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं होंगे अथवा जहां प्रतिबंधित या एक्सपायर दवाएं पाई जाएंगी, उनके विरुद्ध मेडिकल स्टोर को सीज करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा विवेचना उपरांत मामला माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

अवैध मेडिकल स्टोरों पर संयुक्त कार्रवाई की जानकारी मिलते ही पूरे जनपद में अवैध मेडिकल स्टोर के शटर धड़ाधड़ बंद हो गए। जिलाधिकारी द्वारा जन स्वास्थ्य के इस सकारात्मक पहल की जनपदवासियों ने सराहना किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button