Azamgarh News: बिलरियागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, प्रशासन ने शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

“अमन-चैन की मिसाल बने बकरीद, सौहार्द की रोशनी से जगमगाए समाज”

बिलरियागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, प्रशासन ने शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना परिसर में आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।

बैठक में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सभासदों, गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि बकरीद आपसी सहयोग, त्याग और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर इसे शांतिपूर्वक मनाएं।

एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह एवं सीओ सगड़ी अनिल कुमार वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी सभी धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे, किसी प्रकार की नई परंपरा अथवा नई पहल की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

थानाध्यक्ष बिलरियागंज ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि पूरे थाना क्षेत्र में कुल 33 स्थानों पर बकरीद की नमाज़ अदा की जाती है। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज़ नहीं होगी। जहां कुर्बानी की जाएगी वहां साफ-सफाई एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कुर्बानी स्थल पर कम से कम आठ फीट गहरा और पर्याप्त चौड़ा गड्ढा होना अनिवार्य रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी पूर्णतः वर्जित रहेगी। साथ ही कुर्बानी से संबंधित कोई भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न किया जाए, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी बताया कि बकरीद का पर्व 27, 28 एवं 29 तारीख तक मनाया जाएगा, जिसको लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहेगा।

बैठक में सभासद अमरजीत पासवान, सभासद अमरजीत सरोज, पूर्व प्रधान तुफेल अहमद, अनवार अहमद, तालिब तथा फैजान अहमद सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button