Azamgarh News: ओवरटेक के विवाद में चली गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय
ओवरटेक के विवाद में चली गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल
आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी उर्फ धनछूला गांव निवासी 30 वर्षीय अमरेश सिंह पर रविवार की रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित करहा के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक अमरेश सिंह अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में थार सवार कुछ युवकों से ओवरटेक को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर थार सवार बदमाशों ने अमरेश पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें तीन गोलियां लगीं, जिनमें दो पेट में और एक जांघ में धंसी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में मामला ओवरटेक को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।



