Azamgarh News: रील के जुनून में मौत से खेलते युवा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो से लटककर किया खतरनाक स्टंट

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
रील के जुनून में मौत से खेलते युवा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो से लटककर किया खतरनाक स्टंट
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता पाने की चाह अब युवाओं को जिंदगी से खिलवाड़ करने पर मजबूर कर रही है। लाइक्स, व्यूज़ और फॉलोअर्स की अंधी दौड़ में युवा न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं। ताजा मामला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से सामने आया है, जहां चलती स्कॉर्पियो से बाहर लटककर युवकों ने ऐसा खतरनाक स्टंट किया, जिसे देखकर हर कोई सिहर उठा।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से उतरते समय का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई गाड़ियों के काफिले के बीच एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में दौड़ रही है और उसमें सवार युवक दरवाजे से बाहर लटककर स्टंट करते हुए वीडियो बनवा रहे हैं। थोड़ी सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी, लेकिन युवाओं पर रील बनाने का ऐसा जुनून सवार था कि उन्हें अपनी जान की भी परवाह नहीं रही।
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे जैसी व्यस्त और तेज रफ्तार सड़क पर इस तरह की हरकतें न सिर्फ गैरजिम्मेदाराना हैं, बल्कि कई मासूम जिंदगियों को भी खतरे में डाल सकती हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आजमगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को चिन्हित कर लिया है और वाहन मालिक व चालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने साफ शब्दों में कहा कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाज़ी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई है और संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



