Azamgarh News: भक्ति की सरिता में डूबा आजमपुर, गाजे-बाजे व हाथी-घोड़े के साथ निकली भव्य कलश यात्रा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

भक्ति की सरिता में डूबा आजमपुर, गाजे-बाजे व हाथी-घोड़े के साथ निकली भव्य कलश यात्रा

आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना अंतर्गत आजमपुर गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ पर शनिवार को पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत, हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे गांव को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के आयोजक ग्राम प्रधान राजीव कुमार सिंह व समस्त क्षेत्र वासियों के नेतृत्व में निकली कलश यात्रा यज्ञ मंडप से प्रारंभ होकर डीह स्थान, प्राथमिक विद्यालय शिव मंदिर, पोखरा, राधा-कृष्ण शिव मंदिर श्रीनगर सियरहां, आजमपुर बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर भगवान के जयकारों के साथ भाग लिया। आगे हाथी और घोड़े चल रहे थे, जबकि पीछे श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह भक्ति गीतों पर झूमता हुआ आगे बढ़ रहा था।

डीजे पर बज रहे भक्ति गीत, नगाड़ों की गूंज और “हरि बोल” व “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। गांव के लोगों ने जगह-जगह कलश यात्रियों का स्वागत कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी।

आयोजकों ने बताया कि 31 मई से प्रारंभ होकर 7 जून तक चलने वाले इस श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन सायं 6 बजे से कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा व्यास पूज्य श्री गणेश जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का अमृतवर्षा करेंगे। श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के कल्याणकारी संदेशों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।

वहीं यज्ञाचार्य पंडित शिवाश्रय जी महाराज एवं पंडित रघुनंदन जी पांडेय के सानिध्य में शिष्यों के साथ वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया गया है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।

आयोजक राजीव कुमार सिंह ने समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं से कथा, यज्ञ एवं पूजन-अर्चन में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। कार्यक्रम का समापन 7 जून को पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इन दिनों आजमपुर गांव में भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिल रही है। पूरा क्षेत्र मानो श्रीहरि के नाम में सराबोर होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button