Azamgarh News: आजमगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी, जिला प्रशासन ने जारी की थंडरस्टॉर्म और आकाशीय बिजली से बचाव संबंधी एडवाइजरी

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी, जिला प्रशासन ने जारी की थंडरस्टॉर्म और आकाशीय बिजली से बचाव संबंधी एडवाइजरी

आजमगढ़। मौसम विभाग द्वारा जनपद आजमगढ़ में आंधी-तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर लोगों से मौसम खराब होने के दौरान सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

जारी निर्देशों के अनुसार थंडरस्टॉर्म के दौरान लोगों को पक्के मकान, स्कूल, दुकान अथवा अन्य मजबूत भवनों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। खिड़कियां, दरवाजे और रोशनदान बंद रखने के साथ ही अनावश्यक रूप से विद्युत उपकरणों का उपयोग न करने तथा उनके प्लग निकाल देने को कहा गया है। खुले स्थानों में मोबाइल फोन के उपयोग से भी बचने की अपील की गई है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा खुले मैदान, छत, तालाब, नदी, नहर या अन्य जलाशयों से दूर रहें। बिजली के खंभों, तारों, ट्रांसफार्मरों और धातु की वस्तुओं के पास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।

यदि कोई व्यक्ति खुले मैदान में फंस जाए तो उसे झुककर बैठने, दोनों पैरों को साथ रखने और सिर को नीचे रखने की सलाह दी गई है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों और सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए रेडियो, टीवी और मोबाइल माध्यमों का उपयोग करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने बताया कि गरज की आवाज सुनाई देने का अर्थ है कि खतरा निकट है। बिजली चमकने के बाद अंतिम गरज सुनाई देने के कम से कम 30 मिनट तक खुले में न निकलें। यदि किसी व्यक्ति पर बिजली गिरने की घटना हो जाए तो तत्काल उसे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर चिकित्सीय सहायता दिलाई जाए।

आपदा की स्थिति में सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा आपदा नियंत्रण कक्ष नंबर 1077 तथा 9454417172 जारी किया गया है। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button