Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा,रानी की सराय के दो युवकों की मौत, तीन की हालत गंभीर

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा,रानी की सराय के दो युवकों की मौत, तीन की हालत गंभीर
कूरेभार, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आजमगढ़ जनपद के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एक्सयूवी कार एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ से आजमगढ़ जा रही एक्सयूवी कार संख्या UP 50 BY 6512 सोमवार रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 112 पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। दुर्घटना में कार चालक समीर पुत्र सरवरे आलम (18 वर्ष) निवासी आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ कार में सवार मुहम्मद सैफ पुत्र मुहम्मद अफजल, निवासी ग्राम सोनवारा, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एराज, मोहम्मद अजीज अहमद तथा अलमास पुत्र अज्जू समेत कुल पांच लोग घायल हुए। सभी घायलों को यूईपीड़ा की एंबुलेंस और डायल-112 पुलिस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जहीर खान की टीम ने जांच के बाद सैफ को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उधर, लखनऊ में उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल अलमास पुत्र अज्जू ने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़ा ट्रक बताया जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



