Azamgarh News:शादी की खुशियां मातम में बदलीं, भांजी की शादी में आया युवक संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला*

*शादी की खुशियां मातम में बदलीं, भांजी की शादी में आया युवक संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला*

बरदह (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम पुत्र जीतू गौतम अपनी भांजी वंदना पुत्री ओमचंद्र गौतम की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। वह हल्दी समारोह के दिन से ही अपनी बहन चिंता देवी पत्नी ओमचंद्र गौतम के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था।

सोमवार की शाम सरायमीर थाना क्षेत्र के रगड़ीह पारा गांव से बारात महुजा पहुंची थी। पूरा परिवार बारातियों के स्वागत और वैवाहिक कार्यक्रमों में व्यस्त था। मृतक के भाई विक्रम गौतम के अनुसार, द्वारपूजा कार्यक्रम के बाद करन घर से कहीं चला गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए निकले तो मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग पर स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने एक शीशम के पेड़ की डाल से युवक का शव गमछे के सहारे लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया होगा।

करन गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button