Azamgarh News:*17 जून को आयोजित होगी “पोषण पाठशाला”, टीएचआर की नई पहल एवं गर्मी से बचाव पर होगी विशेष चर्चा*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

*17 जून को आयोजित होगी “पोषण पाठशाला”, टीएचआर की नई पहल एवं गर्मी से बचाव पर होगी विशेष चर्चा*

आजमगढ़, 16 जून 2026/

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 17 जून 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक वेबकास्ट एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “पोषण पाठशाला” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम *”आईसीडीएस उत्तर प्रदेश द्वारा टीएचआर (टेक होम राशन) की नई पहल एवं गर्मी के मौसम में बचाव एवं देखभाल”* निर्धारित की गई है।

निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आयोजित होने वाली इस पोषण पाठशाला में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा गर्मी के मौसम में आवश्यक सावधानियों पर हिंदी में विस्तृत जानकारी देंगे। कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट भी किया जाएगा, जिससे लाभार्थी एवं आम नागरिक लिंक के माध्यम से सीधे जुड़ सकेंगे।

 

कार्यक्रम में समस्त मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सहायिकाएं, आशा एवं आशा संगिनी वेब लिंक के माध्यम से प्रतिभाग करेंगी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। जो लाभार्थी किसी कारणवश केंद्र पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे, वे उपलब्ध संसाधनों के अनुसार अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।

 

निर्देशों के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को अपने मोबाइल फोन पूर्णतः चार्ज रखने, केंद्रों पर लाभार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। वहीं सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उनकी परियोजना क्षेत्र की प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री कार्यक्रम से जुड़े तथा अधिकाधिक लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित हो।

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जनसामान्य से भी अपील किया है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से जुड़कर पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा गर्मी से बचाव संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त करें।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, ताकि अधिकतम संख्या में लोग वेबकास्ट के माध्यम से इसका लाभ उठा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button