Azamgarh News:आजमगढ़ ने रचा कीर्तिमान, जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय से 5 दिन पहले किया पूर्ण

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ ने रचा कीर्तिमान, जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय से 5 दिन पहले किया पूर्ण
आजमगढ़, 16 जून 2026/
जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण के मकान सूचीकरण एवं मकान गणना (House Listing & Housing Census) का कार्य जनपद आजमगढ़ में निर्धारित समय-सीमा से पांच दिन पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह के प्रभावी निर्देशन में जनपद की सभी 9,125 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (एचएलबी) का कार्य समय से पहले संपन्न कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में यह अभियान 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाना था, किंतु जनपद आजमगढ़ ने सुदृढ़ कार्ययोजना, प्रभावी निगरानी, बेहतर समन्वय तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों के बल पर लक्ष्य को समय से पूर्व प्राप्त कर प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
जनपद में जनगणना कार्य के संचालन हेतु कुल 24 चार्ज गठित किए गए थे, जिनमें 8 ग्रामीण एवं 16 नगरीय चार्ज शामिल थे। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलदार तथा नगरीय क्षेत्रों में संबंधित अधिशासी अधिकारियों ने चार्ज अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला स्तर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जिला जनगणना अधिकारी तथा जिलाधिकारी प्रमुख जनगणना अधिकारी के रूप में संपूर्ण अभियान की सतत मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण कर रहे थे।
जनगणना के प्रथम चरण से पूर्व आयोजित स्वगणना (Self Enumeration) अभियान में भी जनपद आजमगढ़ ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित इस अभियान के दौरान जनपद लगातार नौ दिनों तक प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना रहा। इसके अतिरिक्त प्रदेशभर में दर्ज लगभग 2.82 लाख स्वगणनाओं में आजमगढ़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विशेष रूप से जनपद में की गई अधिकांश स्वगणनाएं सफलतापूर्वक सत्यापित एवं प्रभावी पाई गईं, जो नागरिकों की जागरूकता, प्रशासन की दक्षता तथा जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि का श्रेय जनगणना कार्य से जुड़े सभी चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों, स्थानीय निकायों, राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सहयोगी विभागों को दिया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिकों के समर्पण, टीम भावना और अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप जनपद आजमगढ़ ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य न केवल सफलतापूर्वक संपन्न किया, बल्कि निर्धारित समय से पूर्व पूरा कर एक नई मिसाल भी स्थापित की है।
जिलाधिकारी ने आशा व्यक्त किया है कि आगामी चरणों में भी इसी उत्साह, प्रतिबद्धता एवं जनसहयोग के साथ जनगणना-2027 के सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए जाएंगे।



