Azamgarh news :ऑनलाइन प्राइवेट जॉब के नाम पर हुई ₹3,000 की साइबर ठगी की धनराशि पुलिस ने पीड़ित के खाते में कराई वापस
ऑनलाइन प्राइवेट जॉब के नाम पर हुई ₹3,000 की साइबर ठगी की धनराशि पुलिस ने पीड़ित के खाते में कराई वापस

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
फूलपुर थाना अंतर्गत खानपुर मुड़ियार निवासी उदयराज पुत्र रामलोचन के साथ दिनांक 31.01.2026 को अज्ञात साइबर ठग द्वारा ऑनलाइन प्राइवेट जॉब दिलाने के नाम पर सर्विस चार्ज लेने का झांसा देकर उनके State Bank of India के खाते से ₹3,000 की साइबर ठगी कर ली गई। घटना के उपरांत शिकायतकर्ता द्वारा तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसका शिकायत/एकनॉलेजमेंट संख्या 23101260020520 है l
शिकायत प्राप्त होने पर साइबर हेल्पडेस्क थाना फूलपुर द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए फ्रॉडस्टर के बैंक खाते को नोटिस के माध्यम से फ्रीज कराया गया। तत्पश्चात एमआरएम (Money Return Mechanism) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से ई-मेल एवं दूरभाष के जरिए समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई कराई गई, जिसके फलस्वरूप शिकायतकर्ता उदयराज के खाते में ₹3,000 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
जनपद आजमगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऑनलाइन नौकरी, निवेश, लोन अथवा अन्य किसी भी प्रकार के आकर्षक ऑफर के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी खाते में धनराशि स्थानांतरित न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।



