Azamgarh News:”हर बच्चे का सपना, हर घर की पहचान,स्कूल चलो अभियान से गूंजा श्रीनगर (सियरहां), शिक्षा की अलख जगाने निकले शिक्षक और नन्हे कदम”

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

“हर बच्चे का सपना, हर घर की पहचान,स्कूल चलो अभियान से गूंजा श्रीनगर (सियरहां), शिक्षा की अलख जगाने निकले शिक्षक और नन्हे कदम”

आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर (सियरहां) में मंगलवार की सुबह शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें करीब 160 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह 7 बजे विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली श्रीनगर बाजार होते हुए पूरे ग्राम सभा का भ्रमण कर पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारे लगाए और ग्रामीणों से अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय में नामांकन कराने तथा उन्हें प्रतिदिन स्कूल भेजने की अपील की। नन्हे बच्चों की उत्साहपूर्ण आवाज़ और हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करती रहीं।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कमला रानी ने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है जो बच्चों के भविष्य को संवारती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, क्योंकि आज का शिक्षित बच्चा ही कल का सशक्त नागरिक बनेगा।

रैली में शिक्षिकाएं नीलम राय, मधु राय, संध्या राय, सीमा राय, मिथिलेश राय, सरिता तथा अनुदेशक लालचंद यादव, प्रवीण जैसल, सुनील कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।

ग्रामीणों ने भी रैली का स्वागत किया और विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान न केवल बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं।

स्कूल चलो अभियान केवल एक रैली नहीं, बल्कि हर उस बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने का संकल्प है, जो किसी कारणवश अभी तक विद्यालय से दूर है। जब शिक्षक, अभिभावक और समाज मिलकर बच्चों का हाथ थामते हैं, तभी एक शिक्षित, जागरूक और समृद्ध राष्ट्र का सपना साकार होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button