Azamgarh news :नगर पालिका मुबारकपुर का आउटसोर्स कर्मचारी गिरफ्तार, डिजिटल हस्ताक्षर कूटरचित कर बनाया था फर्जी प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बनाया प्रमाण पत्र
नगर पालिका मुबारकपुर का आउटसोर्स कर्मचारी गिरफ्तार, डिजिटल हस्ताक्षर कूटरचित कर बनाया था फर्जी प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बनाया प्रमाण पत्र

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में कूटरचना एवं सरकारी अभिलेखों के दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना मुबारकपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उसका दुरुपयोग कराने वाले नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद निवासी पूरारानी, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 12.07.2026 को नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म/मृत्यु प्रभारी श्री रणविजय सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0- 258/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया । शिकायत में बताया गया कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका परिषद द्वारा निर्गत नहीं किया गया था तथा उस पर कर्मचारी एवं अधिशासी अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर अंकित कर उसे कूटरचित तरीके से तैयार किया गया था।
विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों एवं वायरल ऑडियो की जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि विदेश में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे अब्दुल करीम के माध्यम से नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद से संपर्क कराया। खुर्शीद ने आवश्यक अभिलेख एवं धनराशि लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध कराया, जिसका उपयोग राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से किया जाना था। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त द्वारा फर्जी डिजिटल हस्ताक्षरों का प्रयोग कर सरकारी दस्तावेज तैयार किए गए।
वांछित अभियुक्त की तलाश के दौरान दिनांक 14.07.2026 को थाना मुबारकपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोडवेज तिराहा, मुबारकपुर से अभियुक्त खुर्शीद पुत्र जफर अहमद (उम्र लगभग 37 वर्ष) को समय करीब 12:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने पैसे के लालच में फर्जी एवं कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार की।
अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है तथा विवेचना के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



