Azamgarh news :निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण एवं रोजगार के लिए BOCW मोबाइल ऐप लॉन्च

निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण एवं रोजगार के लिए BOCW मोबाइल ऐप लॉन्च

अब मोबाइल ऐप से मिलेगा निर्माण श्रमिकों को रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ

 

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

 

सहायक श्रम आयुक्त पवन कुमार ने बताया है कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों को सरकारी सेवाओं एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से BOCW Digital Labour Chowk Mobile App विकसित किया गया है। यह मोबाइल ऐप निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों के मध्य एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा तथा श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं रोजगार के अवसरों तक सरल एवं पारदर्शी पहुँच उपलब्ध कराएगा।

वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक के माध्यम से श्रमिकों को सुविधाएँ उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विकसित BOCW Digital Labour Chowk Mobile App पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिक अपना पंजीकरण कर सकते हैं। साथ ही ऐसे सेवायोजक, बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियाँ एवं अन्य प्रतिष्ठान, जिन्हें निर्माण कार्यों के लिए श्रमिकों की आवश्यकता है, वे भी इस ऐप पर अपना पंजीकरण कर अपनी आवश्यकता के अनुरूप श्रमिकों की खोज कर सकेंगे।

यह ऐप एंड्रॉयड मोबाइल पर उपलब्ध होगा तथा एक डिजिटल लेबर मार्केट प्लेस के रूप में कार्य करेगा, जहाँ श्रमिक एवं नियोजक एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे। यह प्लेटफॉर्म कार्य प्रणाली की दृष्टि से ओला एवं उबर जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की भाँति कार्य करेगा, जहाँ एक ओर श्रमिक अपनी उपलब्धता दर्ज करेंगे, वहीं दूसरी ओर नियोजक अपनी आवश्यकता के अनुरूप पंजीकृत श्रमिकों से सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे। इससे निर्माण श्रमिकों को कार्य प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा नियोजकों को आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षित एवं पंजीकृत श्रमिक उपलब्ध हो सकेंगे।

इस मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्माण श्रमिक उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा पात्रता के अनुसार हितलाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन भी कर सकेंगे। इससे सरकारी योजनाओं की उपलब्धता अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध होगी।

जनपद के समस्त निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों एवं आम जनमानस से अपील की जाती है कि वे BOCW Digital Labour Chowk Mobile App का अधिकाधिक उपयोग करें तथा अपने आसपास कार्यरत निर्माण श्रमिकों एवं सेवायोजकों को भी इसके संबंध में जागरूक करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र श्रमिक एवं सेवायोजक इस डिजिटल व्यवस्था का लाभ प्राप्त कर सकें।

सभी निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों एवं अन्य नियोजकों से अपेक्षा की जाती है कि वे स्वयं अपना तथा अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत निर्माण श्रमिकों का इस ऐप पर पंजीकरण कराते हुए डिजिटल श्रम बाजार की इस अभिनव पहल को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button