Azamgarh news :जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का दिया निर्देश 

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का दिया निर्देश 

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी – जिलाधिकारी

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति को देखते हुए संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में वैकल्पिक एवं सुचारु विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विभागों द्वारा आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण के दौरान 40 प्रतिशत से अधिक शिकायतकर्ताओं से संपर्क नहीं किया गया है, उन्हें चेतावनी जारी की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा माननीय मुख्यमंत्री स्वयं आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान करें तथा जिन ग्रामों से सर्वाधिक शिकायतें अथवा असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं जाकर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करें और उन्हें संतुष्ट करते हुए प्रकरणों का निस्तारण करें। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में आईजीआरएस पोर्टल पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त न होने पाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि नव नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अगले सप्ताह ई-ऑफिस तथा आईजीआरएस प्रणाली का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, डीसी एनआरएलएम डॉ. अराधना त्रिपाठी, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button