Jharkhand news:कलम केवल शब्द नहीं लिखती, वह आने वाली पीढ़ियों का इतिहास लिखती है : डॉ. अरुण सक्सेना
साधना न्यूज़ के राजकोट ब्यूरो कार्यालय के शुभारंभ समारोह में पत्रकारिता के दायित्वों पर दिया प्रेरक संदेश

Jharkhand news
राजकोट। समाचार चैनल साधना न्यूज़ के राजकोट ब्यूरो कार्यालय के शुभारंभ एवं गुजरात विस्तार समारोह में साधना न्यूज़ के चैनल हेड डॉ. अरुण सक्सेना ने कहा कि कलम केवल शब्द नहीं लिखती, वह आने वाली पीढ़ियों का इतिहास लिखती है। उनके इस विचार ने समारोह में उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों और समाज के प्रबुद्धजनों को गहराई से प्रभावित किया।डॉ. सक्सेना ने कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं का संकलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा और समाज की चेतना का सशक्त माध्यम है। पत्रकार की कलम सत्य, न्याय और जनहित की प्रहरी होती है। यदि पत्रकार अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे तो वही कलम समाज में परिवर्तन का आधार बनती है और भविष्य के लिए इतिहास का प्रामाणिक दस्तावेज तैयार करती है।
उन्होंने कहा कि आज सूचना के तीव्र प्रवाह के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे समय में समाचारों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और तथ्यपरकता ही मीडिया की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवा पत्रकारों का आह्वान करते हुए कहा कि वे पत्रकारिता को केवल रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मिशन मानकर कार्य करें।राजकोट के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय समारोह में गुजरात सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री कांति भाई अमरूतिया, डॉ दर्शिता शाह, विधायक राजकोट, अश्विन भाई रावल, गायत्री पीठ राजकोट, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जयेशभाई राडड़िया, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन जीतुभाई लाल, ऋषि गोस्वामी, जिग्नेश पटेल सहित उद्योग, सामाजिक एवं पत्रकारिता जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।समारोह में डॉ. अरुण सक्सेना के विचारों को उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से सराहा। उनका उद्बोधन पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित मीडिया की भूमिका का प्रभावशाली संदेश बनकर उभरा।



