आजमगढ़ में बोले ओमप्रकाश राजभर सपा के गुंडो के खिलाफ हमारी जंग,जनपद में काम हुआ 70% अपराध,
Atraulia. Our fight against the hooliganism of the Samajwadi Party, crime in Azamgarh has decreased by 70%: Om Prakash Rajbhar

Azamgarh news
अतरौलिया:आजमगढ़/सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार की शाम को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला और सूबे की कानून व्यवस्था सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। राजभर ने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से अतरौलिया और आजमगढ़ के क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ में कभी समाजवादी पार्टी के संरक्षण में चलने वाली गुंडागर्दी को उन्होंने 60 से 70 प्रतिशत तक कम कर दिया है। उन्होंने कहा, “पहले यहाँ सिर उठाकर किसी को मार देना, हत्या कर देना, गाली देना और जमीन कब्जा करना आम बात थी, लेकिन आज इन सभी पर विराम लग चुका है। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा का कल्चर हमेशा से दलितों और पिछड़ों के दमन का रहा है। उन्होंने भदोही, आजमगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी, मऊ और देवरिया जैसी जगहों पर हुई घटनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि इन मामलों में सपा से जुड़े लोगों पर ही हत्या और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा आगामी सितंबर महीने में निकाली जाने वाली रथ यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि वह स्वयं इसके जवाब में ‘सावधान यात्रा’ निकालेंगे। उन्होंने अति-पिछड़े और दलित समाज (जैसे नाई, प्रजापति, विश्वकर्मा, पाल, राजभर, निषाद, धोबी, पासी आदि) को आगाह करते हुए कहा कि सपा ने सरकार में रहते हुए केवल अपनी जाति विशेष को बढ़ावा दिया, इसलिए अब इस समाज को सावधान रहने की जरूरत है।
अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब आजमगढ़ उपचुनाव में धर्मेंद्र यादव चुनाव लड़ रहे थे, तब अखिलेश यादव एसी कमरे में आराम कर रहे थे, जबकि हम लोग 45-46 डिग्री तापमान में 300 से ज्यादा नेताओं को साथ लेकर जमीन पर पसीना बहा रहे थे।
देश में ‘एक देश, एक चुनाव’ के मुद्दे पर राजभर ने सरकार का पूरी तरह समर्थन किया। उन्होंने तर्क दिया कि जब 18 वर्ष का युवा पंचायत, निकाय, विधानसभा और लोकसभा सभी चुनावों में वोट डालता है, तो देश में मतदाता सूची भी एक ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास की गति को तेज करने के लिए यह व्यवस्था बेहद जरूरी है।
रामपुर में आजम खान की संस्थाओं पर हो रही बुलडोजर और कानूनी कार्रवाई को उन्होंने समाजवादी पार्टी की ही साजिश बताया। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं ने केवल उनका इस्तेमाल किया और आज आजम खान उसी के शिकार हुए हैं।वहीं, गठबंधन में शामिल निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद के बयानों और निर्दलीय चुनाव लड़ने की धमकियों पर राजभर ने स्पष्ट किया कि इससे गठबंधन को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में हर वर्ग तैयार है, और जो लोग निर्दलीय लड़ने की बात कर रहे हैं, चुनाव मैदान में उतरते ही उन्हें अपनी असलियत का पता चल जाएगा।



