आजमगढ़:गंभीरपुर बाजार में जलभराव से जनजीवन बेहाल, लापरवाही पर उठे सवाल’,बाजारवासियों ने शीघ्र समाधान की मांग की
Waterlogging in Gambhirpur market has crippled life, raising questions about negligence; market residents demand a quick solution.

गंभीरपुर (आजमगढ़)। आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग स्थित गंभीरपुर बाजार में हल्की से मध्यम बारिश के बाद ही सड़क पर लगभग आधा फीट तक पानी भर जाने से राहगीरों का आवागमन दूभर हो गया है। जलभराव के कारण पैदल यात्रियों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है, जिन्हें मजबूरी में गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व आजमगढ़-जौनपुर मार्ग का चौड़ीकरण एक निर्माण कंपनी द्वारा कराया गया था। सड़क के साथ जल निकासी के लिए नालों का निर्माण भी किया गया, लेकिन कई स्थानों पर नालों को खुला छोड़ दिया गया। समय पर सफाई और रखरखाव नहीं होने के कारण इनमें कचरा, मिट्टी और अन्य अवशेष जमा हो गए हैं, जिससे नाले जगह-जगह पूरी तरह जाम हो चुके हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग की लापरवाही के चलते बरसात का पानी नालों से निकलने के बजाय सीधे सड़क पर भर जाता है।लगातार जलभराव रहने से सड़क की परत उखड़ने लगी है और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं,जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।बाजार निवासी अमित गुप्ता, बृजेश गुप्ता, शिव शंकर गुप्ता, ऋषि लाल यादव, देवराज यादव, संतोष यादव एवं राहुल राय सहित अनेक नागरिकों ने संबंधित विभाग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए नालों की तत्काल सफाई, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।बाजारवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना अत्यंत आवश्यक है,ताकि आमजन, छात्र-छात्राएं और राहगीर सुरक्षित एवं सुगमता से आवागमन कर सकें।



