Azamgarh News:श्रीनगर (सियरहां) में लाखों की चोरी की सनसनीखेज, 15–16 लाख के जेवर व सवा लाख नकद ले उड़े चोर

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
श्रीनगर (सियरहां) में लाखों की चोरी की सनसनीखेज, 15–16 लाख के जेवर व सवा लाख नकद ले उड़े चोर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) गांव में 20-21 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर छत के रास्ते सीढ़ी से घर में घुसे और दो-तीन कमरों में रखे बक्सों की कुंडी उखाड़कर करीब 15 से 16 लाख रुपये के जेवर तथा लगभग सवा लाख रुपये नगद चोरी कर ले गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़ित विजय राय पुत्र स्व. भगवान राय ने बताया कि पूरा परिवार एक कमरे में सो रहा था, इसलिए किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह करीब 3:30 बजे जब वह वॉशरूम जाने के लिए उठे तो घर के सभी दरवाजे खुले मिले और बक्सों का सामान तथा कपड़े पूरे घर में बिखरे पड़े थे। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग जुट गए और डायल 112 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 और बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बाद में चोरी किए गए जेवरों के खाली डिब्बे और बैग गांव के सिवान में संकठा राय के ट्यूबवेल के पास खेत में पड़े मिले।
पीड़ित की पत्नी महिमा राय ने बताया कि बेटे की शादी और अपने उपयोग के लिए वर्षों से जेवर बनवाकर रखे थे। चोरी हुए सामान में बड़े-छोटे झुमके, बालियां, सुई-धागा दो सेट, तीन लेडीज अंगूठियां, एक जेंट्स अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी का ब्रेसलेट, नथिया, मांगटीका, 10 जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। चोर घर में रखे सवा लाख रुपये नकद, जो छत पर दीवार निर्माण के लिए रखे गए थे, भी उठा ले गए। इतना ही नहीं, चोर फ्रिज में रखा मीठा और अनार भी अपने साथ ले गए।
इसी रात चोरों ने गांव के ही राजेश राय पुत्र स्व. नरमुन राय के घर में भी चोरी का प्रयास किया। चोर छत पर चढ़कर सीढ़ी के दरवाजे का अकुड़ा कटर से काट रहे थे, तभी आवाज होने पर गृहस्वामी सतर्क हो गए। उनकी आहट मिलते ही चोर दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गए। सतर्कता के चलते वहां कोई चोरी नहीं हो सकी।
पीड़ित की तहरीर पर बिलरियागंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।



