Azamgarh News:आयुष चिकित्सक भर्ती में छूटे अभ्यर्थियों को अंतिम मौका, 3 अगस्त तक भेज सकते हैं प्रत्यावेदन
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आयुष चिकित्सक भर्ती में छूटे अभ्यर्थियों को अंतिम मौका, 3 अगस्त तक भेज सकते हैं प्रत्यावेदन
आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत आयुष चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित पात्र अभ्यर्थियों को एक अंतिम अवसर दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के आवश्यक प्रमाणपत्र आवेदन के समय संलग्न नहीं हो सके थे, वे 3 अगस्त 2026 तक प्रत्यावेदन भेजकर अपनी पात्रता का दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
सीएमओ ने बताया कि यह सुविधा उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने राजकीय चिकित्सालय अथवा राजकीय संस्थान से छह माह की रोटेटरी इंटर्नशिप पूरी की थी, लेकिन आवेदन के साथ उसका प्रमाणपत्र नहीं लगा पाए थे। इसके अलावा राजकीय चिकित्सालय से एमडी/एमएस करने वाले अथवा सरकारी अस्पताल या डिस्पेंसरी में छह माह का कार्य अनुभव रखने वाले ऐसे अभ्यर्थी भी प्रत्यावेदन कर सकते हैं, जिन्होंने संबंधित प्रमाणपत्र आवेदन के समय प्रस्तुत नहीं किए थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों पर विचार किया जाएगा, जो भर्ती विज्ञापन की अंतिम तिथि 4 जनवरी 2025 से पूर्व के हों। इसके बाद अर्जित किसी भी योग्यता, प्रशिक्षण या अनुभव को मान्य नहीं माना जाएगा। प्रत्यावेदन के साथ सभी आवश्यक प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
डॉ. एन. आर. वर्मा ने निर्देश दिया कि पात्र अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन 3 अगस्त 2026 तक केवल पंजीकृत डाक के माध्यम से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ भेजें। अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सीएमओ ने कहा कि यह अभ्यर्थियों को दिया गया अंतिम अवसर है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी समयसीमा का पालन करते हुए सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना प्रत्यावेदन समय से प्रेषित करें।



