Azamgarh News:कस्तूरबा विद्यालय में बीएसए का औचक निरीक्षण, तीन कर्मचारी गैरहाजिर मिलने पर कार्रवाई
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
कस्तूरबा विद्यालय में बीएसए का औचक निरीक्षण, तीन कर्मचारी गैरहाजिर मिलने पर कार्रवाई
सठियांव (आजमगढ़)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक ने शुक्रवार रात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सठियांव का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दो पूर्णकालिक शिक्षिकाएं और एक सहायक रसोइया अनुपस्थित मिलीं, जिनके विरुद्ध अनुपस्थित दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
बीएसए ने विद्यालय में छात्राओं की पढ़ाई, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर शैक्षणिक माहौल और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करते हुए किचन में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूर्णकालिक शिक्षिका सुनीता सिंह, चांदनी तथा सहायक रसोइया कमलावती अनुपस्थित पाई गईं। बीएसए ने संबंधित कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज कराते हुए स्पष्ट किया कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने वार्डेन अर्चना पांडेय को निर्देश दिया कि छात्राओं की शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और आवासीय व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत चौबे ने भी विद्यालय प्रशासन को नियमित निगरानी बनाए रखने तथा शिक्षा, भोजन और छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।



