Azamgarh News:श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत श्रावण मास के प्रथम सोमवार को सभी शिवालयों और मंदिरों में सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बिल्वपत्र, भांग, धतूरा, शमी पत्र, मंदार पुष्प, अबीर-गुलाल तथा दूध अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
जैगहां बाजार स्थित शिव मंदिर, पटवध सरैया शिव मंदिर, श्रीनगर (सियरहां) स्थित राधा-कृष्ण शिव मंदिर तथा पटवध कौतुक के प्राचीन शिव मंदिर में दिनभर महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजते रहे।
इसी क्रम में पटवध सरैया बाजार स्थित शिव मंदिर से कांवड़ियों का जत्था पूजा-अर्चना के बाद गाजे-बाजे के साथ देवघर के लिए रवाना हुआ। जत्थे में राहुल गुप्ता, विजय गुप्ता, राजन गुप्ता, रमेश चौरसिया, गोलू सोनकर और बादल चौरसिया सहित कई श्रद्धालु शामिल रहे, जिन्होंने भगवान शिव का पूजन कर बोल बम के जयघोष के साथ अपनी यात्रा शुरू की।
श्रावण सोमवार को लेकर बिलरियागंज पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा सुबह 4 बजे से ही क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों पर पुलिसकर्मियों एवं उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना की।



