Azamgarh news:रक्षाबंधन पर आजमगढ़ पुलिस की पहल ने जीता महिलाओं का विश्वास, डीआईजी सुनील कुमार सिंह व मंडलायुक्त विवेक ने बढ़ाया हौसला
Azamgarh News: Azamgarh Police's initiative on Rakshabandhan won the trust of women, DIG Sunil Kumar Singh and Divisional Commissioner Vivek boosted their morale.

आजमगढ़, 24 अगस्त;मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम ने पुलिस और महिलाओं के बीच विश्वास एवं आत्मीयता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त आजमगढ़ विवेक और डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह की गरिमामयी मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया। दोनों अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को मजबूत संदेश दिया।रक्षाबंधन के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं और छात्राओं ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को राखी बांधी, तिलक किया और मिठाई खिलाकर पर्व मनाया।
मंडलायुक्त विवेक और डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं, नीट परीक्षा में सफल छात्राओं, परिवार परामर्श केंद्र एवं शिकायत प्रकोष्ठ से जुड़ी पीड़ित महिलाओं, साइबर फ्रॉड में धनराशि वापस पाने वाली महिलाओं, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष से लाभान्वित महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूह, समूह सखी, बैंक सखी और गैर सरकारी संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की।इस दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध के मामलों में पीड़ितों की धनराशि वापस कराने, पारिवारिक विवादों का परिवार परामर्श के माध्यम से समाधान कराने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस एवं प्रशासन की ओर से महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सहायता उपलब्ध कराने से उनमें सुरक्षा की भावना और विश्वास मजबूत हुआ है। महिलाओं ने आजमगढ़ पुलिस और शासन-प्रशासन के प्रयासों के प्रति आभार जताया।
मंडलायुक्त विवेक और डीआईजी सुनील कुमार सिंह का संवेदनशील रवैया कार्यक्रम की खास पहचान रहा। दोनों अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें यह भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में वे बिना संकोच पुलिस को अपनी समस्या बता सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सौहार्दपूर्ण और आत्मीय वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम महिला सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस-जनसहभागिता और आपसी विश्वास की मिसाल बनकर संपन्न हुआ।



