आजमगढ़;परिषदीय विद्यालयों में व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान

Azamgarh: 15-day special campaign to strengthen the arrangements in council schools

आजमगढ़। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 18अगस्त 2026 को हुई जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में विकासखंड रानी की सराय के परिषदीय विद्यालयों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं, मध्यान्ह भोजन, डीबीटी, नामांकन और विद्यालय संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।खंड शिक्षा अधिकारी रानी की सराय ने विकासखंड के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्धारित अवधि में सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।अभियान के तहत कंपोजिट स्कूल ग्रांट से विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत एवं स्वच्छता कार्य कराए जाएंगे। छत, पाइपलाइन और टोंटियों में लीकेज की मरम्मत, बालक-बालिका शौचालयों की सफाई एवं मरम्मत, पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत तथा सीलन और गंदगी वाले स्थानों पर व्हाइट वॉश व रंगाई-पुताई कराने को प्राथमिकता दी जाएगी।

मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी विशेष जोर

मध्यान्ह भोजन योजना के तहत रसोईघरों की नियमित सफाई, आवश्यक पुताई, एलपीजी गैस आधारित भोजन निर्माण, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण और पर्याप्त एवं स्वच्छ बर्तनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

डीबीटी और नामांकन बढ़ाने के निर्देश

डीबीटी कार्य में तेजी लाते हुए प्रत्येक विद्यालय में डीबीटी प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग का कार्य कम से कम 70 प्रतिशत तक पूरा कराने तथा लंबित छात्र डाटा का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया है। वहीं, सत्र 2026-27 में छात्र संख्या पिछले सत्र की तुलना में कम न हो, इसके लिए नामांकन संवर्धन अभियान चलाया जाएगा।आउट-ऑफ-स्कूल और ड्रॉपआउट बच्चों को चिह्नित कर सघन गृह संपर्क अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन पर भी निगरानी

विद्यालय परिसर में संचालित को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रभावी संचालन विद्यालय प्रांगण में ही सुनिश्चित कराने तथा प्रधानाध्यापक और आंगनबाड़ी कार्यकत्री के समन्वय से ईसीसीई गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा गया है।अभियान के तहत कराए गए कार्यों की कार्य पूर्व और कार्योपरांत स्पष्ट जियोटैग फोटोग्राफ सहित अनुपालन आख्या संबंधित संकुल शिक्षक/न्याय पंचायत समन्वयक के माध्यम से कार्यालय में उपलब्ध कराई जाएगी।बैठक के दौरान रवि प्रकाश खंड शिक्षा अधिकारी रानी की सराय, दीनदयाल खंड विकास अधिकारी तथा एडीओ पंचायत ने उपस्थित प्रधानाध्यापकों, नोडल संकुल शिक्षकों और संकुल शिक्षकों को अभियान की सफलता के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

सितंबर में होगा औचक निरीक्षण

खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कर विद्यालयों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए हैं। आगामी सितंबर माह में खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) की संयुक्त प्रशासनिक टीम विद्यालयों का औचक स्थलीय निरीक्षण करेगी। निरीक्षण में कार्य अधूरे या किसी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापक की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर अवस्थापना सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन, शत-प्रतिशत नामांकन तथा बच्चों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ शैक्षिक वातावरण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सभी संबंधित कार्मिक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button