आजमगढ़:जेवर बनवाने और दिखाने के नाम पर 18 लोगों से 50 लाख की ठगी, दो भाई फरार

रक्षाबंधन के बाद मोबाइल बंद कर हुए गायब, पीड़ित व्यापारियों ने अतरौलिया थाने में दी तहरीर; आरोपी को पकड़वाने वाले को 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा

अतरौलिया/आजमगढ़ :कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में विश्वास का फायदा उठाकर सराफा कारोबारियों और आम लोगों से सोने-चांदी के जेवरात हड़पने का मामला सामने आया है। अंबेडकरनगर के कटेहरी निवासी कन्हैया सोनी और उसके भाई मोनू सोनी पर करीब 18 व्यापारियों और ग्राहकों से लगभग 50 लाख रुपये के जेवरात व नकदी हड़पकर फरार होने का आरोप है। रक्षाबंधन के बाद से दोनों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं। सोमवार को कई पीड़ितों ने एकजुट होकर अतरौलिया थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और जेवरात की बरामदगी की मांग की।खानपुर फतेह वार्ड नंबर-1 निवासी सराफा कारोबारी राहुल सेठ पुत्र शीतला प्रसाद सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कन्हैया सोनी और उसका भाई मोनू उनकी दुकान पर आते-जाते थे। इसी दौरान कन्हैया ने उनसे जान-पहचान और विश्वास कायम कर लिया। आरोप है कि कन्हैया घर पर जेवर दिखाने की बात कहकर दुकान से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की सिकड़ी, सुई-धागा और लॉकेट ले गया। इनकी कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई है। जेवर लेकर जाने के बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया और वापस नहीं लौटा।

10 दिन में जेवर लौटाने का दिया था भरोसा

तेजापुर में मिठाई की दुकान चलाने वाले राहुल मोदनवाल के मुताबिक कन्हैया अक्सर उनकी दुकान पर बैठता था। जान-पहचान का फायदा उठाते हुए उसने जेवर बनवाने की बात कही और उनसे 15-15 ग्राम की दो सोने की चेन ले लीं। दोनों चेन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोप है कि कन्हैया ने 10 दिन में जेवर वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन रक्षाबंधन के बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। तेजापुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने पत्नी के कान के टूटे हुए जेवर और पायल बनवाने के लिए कन्हैया को दिए थे। तय समय पर जेवर नहीं लौटाए गए। संपर्क करने का प्रयास किया गया तो मोबाइल बंद मिला।

दो साल से किराए पर रह रहा था आरोपी

पीड़ितों के अनुसार कन्हैया पिछले करीब दो वर्षों से तेजापुर में किराए पर रहकर एक ग्राम गोल्ड और बर्तन का काम करता था। इसी दौरान उसने क्षेत्र के कई व्यापारियों और लोगों से संपर्क बढ़ाया और कथित तौर पर उनका विश्वास जीता। घटना सामने आने के बाद पीड़ितों ने उसकी तलाश शुरू की।बताया गया कि कन्हैया के कटेहरी स्थित पैतृक आवास, अल्लीपुर (निजामाबाद) स्थित ससुराल और बुआ के घर पर भी लोगों ने तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। उसका भाई मोनू भी फरार बताया जा रहा है।

आरोपी को पकड़वाने पर 50 हजार इनाम की घोषणा

पीड़ित व्यापारियों का आरोप है कि दोनों भाइयों ने क्षेत्र के करीब 18 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी हड़प ली है। पीड़ितों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उन्हें पकड़वाने या पुलिस तक पहुंचाने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये तथा उनके ठिकाने की सही जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस बोली- उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा मामला

इस संबंध में थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामला करीब दो वर्षों से चले आ रहे लेनदेन से जुड़ा है। वर्तमान में आरोपी फरार है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजकर आवश्यक अनुमति ली जाएगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button