Azamgarh News:परशुरामपुर में खुला जनसेवा कार्यालय, गोपालपुर की जनता की समस्याओं का होगा समाधान

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

परशुरामपुर में खुला जनसेवा कार्यालय, गोपालपुर की जनता की समस्याओं का होगा समाधान

आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा अंतर्गत परशुरामपुर बाजार में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने अपने नवनिर्मित आवास में सामाजिक एवं जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन शंकरपुर बूथ अध्यक्ष प्रमोद राम के हाथों से करवाया । इस दौरान क्षेत्र के लोगों से संवाद करते हुए उन्होंने कार्यालय खोलने के उद्देश्य की जानकारी दी।
मीडिया से बातचीत में जयनाथ सिंह ने कहा कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं लेकर आजमगढ़ शहर तक जाना पड़ता था। इससे ग्रामीणों का काफी समय और धन खर्च होता था। आर्थिक रूप से सक्षम लोग तो किसी तरह शहर पहुंचकर अपनी बात रख देते थे, लेकिन गरीब और जरूरतमंद लोग दूरी व खर्च के कारण अपनी समस्याएं संबंधित लोगों तक नहीं पहुंचा पाते थे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की इसी परेशानी को देखते हुए परशुरामपुर बाजार में जनसेवा कार्यालय की शुरुआत की गई है। अब गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग प्रतिदिन यहां पहुंचकर अपनी समस्याओं और शिकायतों से उन्हें अवगत करा सकेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों की समस्याओं का यथासंभव स्थानीय स्तर पर समाधान कराया जाए।
जयनाथ सिंह ने कहा कि जिन मामलों का समाधान उनके स्तर से संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से भी समस्याओं के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र की जनता को अपनी बात रखने के लिए बार-बार आजमगढ़ शहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे लोगों का समय और आने-जाने का खर्च दोनों बचेंगे तथा जरूरतमंद लोगों को अपनी समस्याएं सहजता से रखने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर क्षेत्र के कई लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button