आजमगढ़:पेड़ से लटके मिले युवक के शव की हुई शिनाख्त, अंबेडकरनगर का था रहने वाला

मानसिक रूप से अस्वस्थ था 28 वर्षीय अंकित, एक हफ्ते से था लापता।

अतरौलिया/आजमगढ़:थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में पेड़ से रस्सी के सहारे गुरुवार की शाम को लटकते मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान अंबेडकरनगर जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत घिनहापुर उर्फ घिनहापोखरा निवासी 28 वर्षीय अंकित यादव पुत्र स्व इंद्रभान यादव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक सप्ताह से लापता चल रहे थे और मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।

थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी दयानंद यादव ने अतरौलिया थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अंकित उनकी बुआ के लड़के थे और बचपन से ही भीखपुर में उनके घर पर रहते थे। अंकित पिछले 15-16 वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज गोरखपुर से चल रहा था। मानसिक स्थिति ठीक न रहने के कारण वह अक्सर बिना बताए कहीं चले जाते थे और फिर कुछ दिनों बाद लौट आते थे। इससे पूर्व वर्ष 2024 में भी उनके चले जाने पर राजेसुल्तानपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी,लेकिन कुछ दिनों बाद वह वापस आ गए थे।

परिजनों के अनुसार, करीब एक हफ्ते पहले अंकित फिर अचानक घर से कहीं चले गए थे। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि भगतपुर गांव में एक पेड़ से रस्सी के सहारे युवक का शव लटका मिला है। जानकारी मिलने पर परिजन अतरौलिया थाने पहुंचे। वहां पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो, कपड़े, चप्पल तथा मौके से मिले मोबाइल नंबर का मिलान कर परिजनों ने पुष्टि की। इसके बाद आजमगढ़ स्थित मर्चरी हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की गई।मृतक के परिवार में उनकी मां गिरिजा देवी और भाई अमित यादव हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता भी मानसिक बीमार रहते थे जिनकी पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button