आजमगढ़ में खूनी खेल: पत्नी समेत तीन की गोली मारकर हत्या,आरोपी और बच्चे की भी मौत
Bloody game in Azamgarh: Three people including wife shot dead, accused and child also died

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम शम्भूपुर में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात में अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी समेत तीन लोगों की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।पुलिस के अनुसार, अरविंद सिंह के घर पर उसकी पत्नी द्वारा पूजा-पाठ एवं अनुष्ठान कराया जा रहा था। यह कार्यक्रम पांच दिनों का बताया गया है और घटना के दिन उसका चौथा दिन था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि इसी दौरान किसी बात को लेकर अरविंद नाराज हो गया और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी पत्नी तथा वहां मौजूद दो अन्य लोगों पर गोली चला दी।
गोली लगने से तीनों की मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक, परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने अरविंद के व्यवहार में पिछले कुछ समय से बदलाव और असामान्यताएं होने की बात बताई। परिजनों ने कथित तौर पर उस पर भूत-प्रेत की बाधा होने की बात कही थी और इसी वजह से पूजा-पाठ कराया जा रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।वारदात के बाद अरविंद अपने बच्चों के साथ घर के अंदर बंद हो गया। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने और आरोपी को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, बाहर निकालने के प्रयास के दौरान आरोपी ने फायरिंग की और अपने एक बच्चे को भी गोली मार दी। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अरविंद घायल हो गया।आरोपी और घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से दो अन्य बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया।घटनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौजूद रही। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।



