Azamgarh News:मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
पौहारी बाबा मंदिर से चोरी 20 घंटे, एक लाख नकद और दो चार पहिया वाहन बरामद
आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना अंतर्गत मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी कर उन्हें बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का मेहनगर और तरवां पुलिस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पौहारी बाबा मंदिर से चोरी किए गए 20 पीतल के घंटे, चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त एक लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ में गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र में हुई मंदिर से घंटा चोरी की एक घटना का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात पौहारी बाबा मंदिर से 11 पीतल के घंटे चोरी हुए थे। इसके बाद एक अक्टूबर की रात इसी मंदिर से नौ घंटे और चोरी कर लिए गए। दोनों घटनाओं को लेकर मेहनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान तीन-चार अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग विशुनपुरा मोड़, खरिहानी-चिरैयाकोट मार्ग के पास दो वाहनों में चोरी किए गए घंटे एक वाहन से दूसरे वाहन में स्थानांतरित कर रहे हैं। सूचना पर मेहनगर और तरवां पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम गुप्ता निवासी मडुवाडीह वाराणसी, प्रेम कुमार निवासी चेतगंज वाराणसी, पप्पू राम व सतीश कुमार निवासी सादात गाजीपुर, हर्ष गुप्ता निवासी जैतपुरा वाराणसी तथा अतुल कसेरा निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी श्याम गुप्ता ने बताया कि उसकी बर्तन की दुकान में लगातार घाटा हो रहा था। इसके बाद उसने साथियों के साथ मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी कर बेचने की योजना बनाई। चोरी के घंटे मिर्जापुर निवासी अतुल कसेरा को करीब 860 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में 7 अगस्त 2026 को थाना सैदपुर, गाजीपुर क्षेत्र के एक मंदिर से चार पीतल के घंटे चोरी करने की घटना का भी खुलासा हुआ है। इस मामले में सैदपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपियों ने अन्य मंदिरों से भी घंटे चोरी करने की बात बताई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
बरामद एक लाख रुपये में प्रेम कुमार से 50 हजार, श्याम गुप्ता से 46 हजार और हर्ष गुप्ता से चार हजार रुपये मिले। इसके अलावा टाटा नेक्सॉन और टाटा टिगोर वाहन भी बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में मेहनगर के प्रभारी निरीक्षक अभिराज सरोज, उपनिरीक्षक अक्षय प्रताप सिंह सहित पुलिसकर्मी तथा तरवां थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, चौकी प्रभारी रासेपुर रूपेश कुमार सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।



