Azamgarh News:पटवध कौतुक में सड़क हादसे में वृद्ध की मौत, गैर जमानती वारंट पर आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पटवध कौतुक में सड़क हादसे में वृद्ध की मौत, गैर जमानती वारंट पर आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत पटवध कौतुक पुलिस बूथ के सामने मार्च में हुए सड़क हादसे में वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी रामसेवक यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था।
किशुनदासपुर निवासी आनंद सेठ ने 3 मार्च 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 2 मार्च की रात करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच उनके पिता स्व. उमेशचंद्र सेठ पटवध कौतुक पुलिस बूथ के सामने मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 53/2026, धारा 281/106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान रामसेवक यादव पुत्र स्व. सुबेदार यादव निवासी देवईत, थाना मेहनगर, उम्र करीब 52 वर्ष, का नाम प्रकाश में आया। पुलिस के मुताबिक उसे बयान देने तथा अज्ञात ट्रैक्टर के संबंध में जानकारी देने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन वह थाने पर उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद 8 सितंबर 2026 को न्यायालय आजमगढ़ से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट प्राप्त किया गया।
पुलिस टीम लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 3 अक्टूबर की रात करीब 11:45 बजे पुलिस ने रामसेवक यादव के घर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला। नाम-पता सत्यापित करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तारी का कारण बताते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार, कांस्टेबल अंजनी कुमार और कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव शामिल रहे।



