जबलपुर:महिलाओं के विवाद ने लिया खूनी रूप, कुल्हाड़ी से हमला कर पति की हत्या
Jabalpur: Dispute between women turns bloody, husband killed with axe

Jabalpur news:
मध्यप्रदेश जबलपुर के कुंडम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में महिलाओं के बीच चल रहा विवाद इतना बढ़ गया कि उसकी कीमत एक पति को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। गांव में चल रही रंजिश के बीच 50 वर्षीय जगदीश सिंह मरावी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कल्याणपुर निवासी जगदीश सिंह मरावी का गांव के ही रहने वाले परीवा और अनु से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत महिलाओं के बीच हुई थी। मृतक जगदीश और आरोपी परीवा की पत्नी के बीच भी कुछ दिनों से विवाद की बात सामने आई है। धीरे-धीरे यह विवाद परिवारों के बीच रंजिश में बदल गया और आखिरकार मामला खूनी संघर्ष तक पहुंच गया।
बताया गया कि बुधवार शाम आरोपी अनु और परीवा जगदीश की टपरिया पहुंचे थे। वहां दोनों की जगदीश से कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद वे वापस लौट गए। रात में जगदीश टपरिया में सो रहा था। इसी दौरान उस पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या की सूचना मिलते ही कुंडम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और वारदात के बाद उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान पुलिस ने परीवा के साथी हिमांगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसकी वारदात में भूमिका सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में महिलाओं के बीच चल रहे विवाद और उसके बाद पैदा हुई रंजिश को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है।
कुंडम थाना प्रभारी सतीश कुमार अंधवान ने बताया कि हत्याकांड में दो आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
महिलाओं के बीच शुरू हुआ विवाद आखिरकार इतना बढ़ गया कि उसका असर परिवार के पुरुषों तक पहुंचा और एक व्यक्ति की जान चली गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई और वारदात के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



