Azamgarh News:नाबालिग को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
नाबालिग को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने के मामले में वांछित चल रहे 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को भीमबर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को बिंदवल निवासी अमित राजभर ने थाने में तहरीर दी थी कि उसके रिश्तेदार का लड़का विशाल कुमार पुत्र महेश राजभर उर्फ महेंद्र सिंह, निवासी महडौड़ का पुरा थाना रौनापार, कुछ दिनों तक उनके घर काम करता था। काम समाप्त होने के बाद वह अपने घर चला गया। आरोप है कि इसके बाद उसने वादी की करीब 15 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ पंजाब लेकर चला गया।
तहरीर के आधार पर बिलरियागंज थाने में मु.अ.सं. 194/2026, धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने किशोरी को 20 सितंबर 2026 को बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया था।
सोमवार को उपनिरीक्षक इसरार अहमद पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपी की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी विशाल कुमार बीबीपुर की ओर से भीमबर नहर पुलिया की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बीबीपुर जाने वाले रास्ते पर करीब 200 मीटर दूरी से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल कुमार बताया। पुलिस ने उसे मुकदमे में वांछित होने की पुष्टि के बाद 5 अक्टूबर को करीब 11:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्तमान में खैराबाद, रोपड़, थाना चमकौर साहिब, जनपद रूपनगर (पंजाब) में रह रहा था। पूछताछ के संबंध में आरोपी ने अपना बयान न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से देने की बात कही है।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक इसरार अहमद, कांस्टेबल छट्ठु साहनी और रिजर्व कांस्टेबल ओमकार सिंह शामिल रहे।



