Azamgarh news :अपर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता रैली को किया रवाना

अपर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता रैली को किया रवाना

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर पुलिस लाइन आजमगढ़ से निकली जागरूकता रैली, महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, एनसीसी कैडेट्स एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

आज दिनांक 12.10.2026 को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत पुलिस लाइन आजमगढ़ से महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी आजमगढ़ श्री नरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज श्रीमती आस्था जायसवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्री कौस्तुभ त्रिपाठी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

रैली का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर चौकी सिविल लाइंस, कलेक्ट्रेट भवन, अग्रसेन चौराहा एवं घंटाघर होते हुए रैली पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं के सम्मान को प्रोत्साहित करने तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुबोध कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आलेन्द्र कुमार, चाइल्डलाइन से श्री संत शाही, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, महादेवी विद्यालय सिधारी एवं सेंट जेवियर्स स्कूल के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, नर्सिंग स्टूडेंट्स, मिशन शक्ति से जुड़ी गैर-सरकारी संस्था के सदस्यगण एवं लगभग 800 से ज्यादा महिलाओं ने प्रतिभाग किया तथा यातायात पुलिस निरीक्षक श्री संजय कुमार पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश—

रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की सहभागिता से महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

जनपद पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button