ब्रेकिंग न्यूज़ / जबलपुर:संतान प्राप्ति के नाम पर 50 हजार रुपये लेने का आरोप, मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ महिला ने की शिकायत
Breaking News / Jabalpur: Woman files complaint against medical store owner for allegedly taking 50,000 rupees in the name of conceiving a child
जबलपुर। शहर में संतान प्राप्ति के इलाज के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हनुमानताल थाना क्षेत्र के कांचघर निवासी एक महिला ने अग्रवाल मेडिकल स्टोर के संचालक सुनील अग्रवाल पर इलाज के नाम पर 50 हजार रुपये लेने और दवाइयों से तबीयत बिगड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।महिला काजल दाहिया का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने जल्द संतान होने का भरोसा दिलाकर इलाज के नाम पर उनसे करीब 50 हजार रुपये लिए। महिला के मुताबिक, उनके पति की मेडिकल रिपोर्ट को गलत बताते हुए उन्हें दवाइयां दी गईं।
महिला ने आरोप लगाया कि दवाइयों के सेवन के बाद उन्हें गर्भाशय में दर्द और सूजन की शिकायत होने लगी। साथ ही, उन्होंने संक्रमण जैसी समस्याएं होने का भी दावा किया है।पीड़िता के अनुसार, जब वह इलाज में खर्च हुई रकम वापस मांगने पहुंचीं, तो मेडिकल स्टोर संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। महिला ने दवाइयों का बिल नहीं देने, अभद्रता करने, गाली-गलौज और धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं।फिलहाल, महिला ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी सामने आना बाकी है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट।



