जबलपुर:बहादुर गौंड की मौत पर सवाल, पत्नी ने की हत्या की धाराओं में कार्रवाई की मांग

Jabalpur: Bahadur Gond's death questioned, wife demands action under murder charges

जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम घटेरा में बहादुर गौंड की हार्ट अटैक से हुई मौत के मामले में उनकी पत्नी रमा बाई गौंड ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर और थाना प्रभारी कटंगी को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ हत्या अथवा सदोष मानव वध की धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को संदीप यादव, मधुसूदन यादव, उपेंद्र यादव और अन्य लोगों ने बहादुर गौंड के साथ मारपीट, गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी दी थी, जिस पर कटंगी थाने में अपराध क्रमांक 584/2026 दर्ज किया गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी लगातार बहादुर और उनके परिवार को डराते-धमकाते हुए केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे, जिससे वे मानसिक तनाव और भय में रहने लगे थे। परिजनों के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को बहादुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी ले जाया गया, जहां हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। पत्नी ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button