Azamgarh news :मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज आजमगढ़ में लगभग 800 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज आजमगढ़ में लगभग 800 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह

श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर नवदंपतियों को देंगे आशीर्वाद, अपने हाथों से भेंट करेंगे उपहार
सावित्री बाई फूले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित होगा दिव्य एवं भव्य सामूहिक विवाह समारोह
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। सावित्री बाई फूले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, आजमगढ़ में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में लगभग 800 वर-वधू जोड़े वैवाहिक जीवन में प्रवेश करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के मंत्री श्री अनिल राजभर जी मुख्य रूप से सम्मिलित होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे तथा अपने हाथों से उपहार भेंट कर उनके सुखमय एवं सफल दाम्पत्य जीवन की मंगलकामना करेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री वशिष्ठ नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पूर्व में 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित न हो सके अवशेष विकास खंडों एवं नगरीय निकायों के पंजीकृत पात्र लाभार्थियों का सामूहिक विवाह 16 अक्टूबर को संपन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप इस आयोजन को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने की तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि विकास खंड पल्हना, तरवां, लालगंज, मेंहनगर, ठेकमा, फूलपुर, पवई, मार्टिनगंज, मिर्जापुर, तहबरपुर एवं अहरौला तथा नगरीय निकाय मार्टिनगंज, मुबारकपुर, निजामाबाद, सरायमीर, माहुल, मेंहनगर एवं लालगंज के पंजीकृत लाभार्थियों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल प्रदान करना
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा विवाह संबंधी व्यय के कारण परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। योजना के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस आयोजन के माध्यम से अनेक परिवारों के विवाह संबंधी दायित्वों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। सामूहिक विवाह समारोह न केवल नवदंपतियों के जीवन की नई शुरुआत का अवसर बनेगा, बल्कि सामाजिक सहयोग, पारिवारिक खुशियों और सामुदायिक सहभागिता का भी संदेश देगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में शुभाशीष प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें उपहार भेंट किए जाएंगे। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार समाज के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को सहयोग प्रदान करते हुए उनके जीवन में खुशहाली लाने और सामाजिक कल्याण के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।



