आजमगढ़:दशहरा मेले की तैयारी तेज, सजावट के दौरान जाम से जूझ रहे लोग
Azamgarh: Preparations for Dussehra fair in full swing, people struggling with traffic jams during decorations
रानी की सराय/आजमगढ़। रानी की सराय कस्बे में विजयदशमी के तीसरे दिन लगने वाले दशहरा मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले को भव्य रूप देने के लिए सड़कों के दोनों किनारों पर झालर और लाइट लगाकर सजावट की जा रही है। वहीं, विभिन्न पूजा समितियों की ओर से अलग-अलग तिथियों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना और भव्य स्वागत की तैयारी भी जोर-शोर से चल रही है। हालांकि, सजावट के दौरान सड़क की एक लेन पर आवागमन बंद किए जाने से कस्बे में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
11 पूजा समितियां करेंगी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित
रानी की सराय कस्बे में करीब 11 पूजा समितियों की ओर से विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल सजाए जा रहे हैं। समितियों की ओर से अलग-अलग तिथियों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसे लेकर पंडालों को आकर्षक रूप देने के साथ ही सड़कों पर सजावट का कार्य भी किया जा रहा है। मां के आगमन को भव्य बनाने के लिए समितियों की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
एक घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग
सड़कों पर सजावट के दौरान एक लेन पर आवागमन बंद होने से वाहनों का दबाव बढ़ जा रहा है। इससे कस्बे में करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। दशहरा मेले में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है, ताकि मेले की तैयारियों के बीच लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।



